हे भगवान ...तीन महीने में एक ही शख्स की हो गई दो बार मौत - सत्यमेव जयते

Breaking

Friday, January 10, 2025

हे भगवान ...तीन महीने में एक ही शख्स की हो गई दो बार मौत



जमुई । बिहार में कुछ भी नामुमकिन नहीं, यहां जो होता है वह शायद ही किसी की समझ में आए। एक मामला बिहार के जमुई जिला से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की मौत बड़ा रहस्य बन गया है। इस शख्स की मौत पहले दिसंबर महीने में हो गई थी। इसके तीन महीने बाद दोबारा इस शख्स की मौत हो गई। 

लेकिन, आपको हैरान होने से पहले यह बता दें कि ऐसा वाकई में नहीं हुआ है। कुछ बिचौलियों ने मिलकर एक मुर्दे को दोबारा मार दिया, ताकि सरकारी योजना का लाभ मिल सके। मामला जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड क्षेत के गुगुलडीह पंचायत के छेदलाही गांव से सामने आया है। 

दरअसल, यह पूरा मामला श्रम विभाग से मरणोपरांत सहायता राशि लेने के लिए रचा गया। गुलो तांती नामक व्यक्ति की मौत 20 दिसंबर 2023 को हुई थी। इसके बाद उसके नाम से जनवरी 2024 में मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी किया गया था लेकिन, कुछ बिचौलियों ने दूसरे प्रमाण पत्र में उसकी मौत की तारीख 9 फरवरी 2024 दिखाकर दो लाख रुपये की सहायता राशि निकाल ली। गुलो तांती की मौत 20 दिसंबर 2023 को हुई थी।

 परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया और 16 जनवरी 2024 को मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के लिए आवेदन किया गया। प्रमाण पत्र जारी भी हो गया लेकिन, जब बिचौलियों को पता चला कि गुलो तांती का श्रम विभाग का लेबर कार्ड नवीनीकरण नहीं हुआ है, तो मरणोपरांत मिलने वाली सहायता राशि 2 लाख रुपये जारी नहीं हो सकती।

इसके बाद बिचौलियों ने पहले लेबर कार्ड का नवीनीकरण कराया। फिर एक नया मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया। इस बार गुलो तांती की मौत की तारीख 9 फरवरी 2024 दिखाई गई। नया प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद मरणोपरांत सहायता राशि के लिए आवेदन किया गया और 2 लाख 5 हजार रुपये की राशि पास करवा ली गई। सांख्यिकी विभाग के द्वारा 16 मई 2024 को गुलो तांती का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया। जिसमें उसकी मृत्यु की तारीख 9 फरवरी बताई गई थी। इसी के आधार पर सहायता राशि के लिए आवेदन किया गया।

आवेदन करने के बाद  30 सितंबर 2024 तथा 5 अक्टूबर 2024 को दो अलग-अलग ट्रांजिक्शन के माध्यम से कुल 2 लाख 5 हजार रूपये का भुगतान किया गया। 30 सितंबर 2024 को 5 हजार रूपये का भुगतान किया गया। जबकि 5 अक्टूबर 2024 को 2 लाख रुपए का भुगतान किया गया। 

मामला सामने आने के बाद विभागीय अधिकारी इसमें कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं। इस मामले पर श्रम अधीक्षक रतीश कुमार ने कहा कि ऐसा मामला उनके संज्ञान में आया है, जिसमें जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर मामले में सत्यता पाई जाती है तो निश्चित कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta