हल्द्वानी update : तमंचे व कारतूस के साथ बसानी से पकड़ा गया हनी प्रजापति का हमलावर - सत्यमेव जयते

Breaking

Sunday, March 9, 2025

हल्द्वानी update : तमंचे व कारतूस के साथ बसानी से पकड़ा गया हनी प्रजापति का हमलावर




हल्द्वानी।
शहर के भोटिया पड़ाव क्षेत्र में गोलीकांड का मुख्य आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर उसे मुखानी थाना क्षेत्र के बसानी क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि यह पूरा घटनाक्रम राजनीतिक रंजिश के चलते अंजाम दिया गया। उसके कब्जे से एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। 

पूछताछ में पता चला है कि आरोपी सुमित बिष्ट उर्फ बाली की पत्नी के पिछले चुनाव में हार गई थी। तब से ही सुमित हनी प्रजापति से अदावत रखने लगा था। 9 मार्च की शाम जब हनी जजी के पास स्थित अपनी दुकान में बैठा चैंपियंस ट्राफी का फाइनल मैच देख रहा था,तब ही  सुमित उसकी दुकान में आया और हल्के फुल्के झगड़े के बाद उसके सिर पर गोली दाग दी। 


घटना के बाद मौके पर एसपी सिटी हल्द्वानी, सीओ सिटी और प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी समेत भारी पुलिस बल तुरंत पहुंचा और तब तक हनी के परिजन उसे निजी चिकित्सालय ले जा चुके थे।जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और मुखबिरों को सक्रिय किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे बसानी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। 

नैनीताल के एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के अनुसार बैलेजली लॉज निवासी आरोपी सुमित बिष्ट उर्फ बाली  कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास, बलवा, छेड़छाड़ और मारपीट समेत 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ समय-समय पर गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वाहन (UK04AL5092) बरामद किया। एसएसपी नैनीताल ने इस सफलता के लिए पुलिस टीम को 2500 रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है।  
पुलिस टीम में हल्द्वानी के कोतवाल राजेश कुमार यादव, एसएसआई रोहताश सिंह सागर, एसओजी प्रभारी संजीत राठौड़,एसआई दिनेश जोशी, नरेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह,कैलाश आर्या, कांस्टेबल  तारा सिंह व पुलिस की सर्विलांस टीम शामिल रही।

file photo

update

हल्द्वानी गोलीकांड अपडेट : वेलेजली लॉज का रहने वाला है घायल हनी प्रजापति 


हल्द्वानी। जजी के बाहर गोलीबारी का शिकार हुए युवक की पहचान हनी प्रजापति के रूप में हुई है। चिकित्सालय में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।अब तक सामने आए घटनाक्रम के अनुसार युवकों के दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और इसी दौरान एक युवक ने हनी प्रजापति के सिर पर गोली दाग दी। हनी प्रजापति बेलेजली लॉज का रहने वाला है। बैलेजाली लॉज जजी के नजदीक ही है। 


 हल्द्वानी ब्रेकिंग : जजी के बाहर चली गोली, एक गंभीर, चिकित्सालय में भी संदिग्धों की पिटाई, पुलिस तैनात

हल्द्वानी। नैनीताल रोड स्थित जजी कोर्ट के बाहर एक युवक के सिर पर गोली मार दी गई।  दिन दहाड़े हुई फायरिंग की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस आरोपियों की धर पकड़ में जुट गई है। इस बीच जब लोग घायल युवक को लेकर अस्पताल पहुंचे तो दूसरे गुट के दो युवक भी वहां पहुंच गए। इस पर उनको पहचानते हुए गुस्साए लोगों ने उन्हें बुरी तरह से धुन डाला। बाद में अस्पताल परिसर में पुलिस तैनात कर दी गई है। घटना पर अपडेट के लिए लिंक को रिफ्रेश करते रहें।    

मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर बाद आपसी कहासुनी के बाद जजी के बाहर कुछ युवकों में झगड़ा हो गया। इसी बीच एक युवक को सिर में गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद  मौके पर भगदड़ मच गई। घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की जाकारी मिलने के बाद घायल युवक के परिजन अस्पताल में पहुंच गए।  घटना की जानकारी मिलने के बाद चिकित्सालय अच्छी खासी भीड़ जुट गई। इसी दौरान दूसरे पक्ष के दो युवक अस्पताल के बाहर पहुंचे, जिन्हें गुस्साई भीड़ ने पकड़कर पीट दिया। इससे  चिकित्सालय परिसर में अफरातफरी मच गई। आनन फानन में वहां पुलिस भेजकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। दूसरी ओर फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। 

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। इस घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जल्द ही मामले में खुलासा करने का दावा कर रही है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta