फर्जी लोन एप से 750 करोड़ की ठगी,दिल्ली एयरपोर्ट से साइबर ठग गिरफ्तार - सत्यमेव जयते

Breaking

Sunday, July 6, 2025

फर्जी लोन एप से 750 करोड़ की ठगी,दिल्ली एयरपोर्ट से साइबर ठग गिरफ्तार

 


देहरादून। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने फर्जी लोन एप के जरिए साइबर ठगी करने वाले एक शातिर ठग को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। 

गिरफ्तार आरोपी अभिषेक अग्रवाल, दिल्ली के अशोक विहार का निवासी और पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट है, जिसके तार चीनी नागरिकों से जुड़े हैं। उसने 750 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी के लिए 35-40 शेल कंपनियां बनाई थीं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ) नवनीत भुल्लर ने बताया कि 2022 में फर्जी लोन एप के जरिए धोखाधड़ी और जबरन वसूली के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। 

गिरोह कम दस्तावेजों में तत्काल लोन का लालच देकर लोगों को एप इंस्टॉल करवाता था। इसके बाद पीड़ितों के मोबाइल डेटा, गैलरी और निजी जानकारी चुराकर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देता था। बदनामी के डर से पीड़ित मोटी ब्याज राशि देने को मजबूर होते थे, जिसे विदेश ट्रांसफर किया जाता था।

पूछताछ में अभिषेक ने खुलासा किया कि उसने चीनी मास्टरमाइंड्स के लिए 13 अपने और 28 अपनी पत्नी के नाम पर शेल कंपनियां बनाई थीं, जिनमें कुछ चीनी नागरिक सह-निर्देशक थे। इनके जरिए 750 करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन हुए। आरोपी कई बार चीन और हांगकांग की यात्रा कर चुका है। 

उसके खिलाफ देश के कई राज्यों में शिकायतें दर्ज हैं।एसटीएफ ने लुक आउट सर्कुलर के आधार पर शनिवार को उसे दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। पुलिस अन्य राज्यों और इंटरपोल के माध्यम से चीनी नागरिकों की जानकारी जुटा रही है। मामले की गहन जांच जारी है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta