नई टिहरी। देवप्रयाग के पास पट्टी पालकोट की भदनी ग्राम पंचायत में निर्विरोध ग्राम प्रधान चुनने की परंपरा इस बार भी कायम रही। इस बार ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से मुकेश सिंह को ग्राम प्रधान चुना।
खास बात यह है कि मुकेश सिंह की पत्नी कामना बेडवाल वर्ष 2019 में निर्विरोध प्रधान चुनी गई थीं। इस तरह पति-पत्नी दोनों ने भदनी ग्राम पंचायत की कमान संभाली है।भदनी गांव में वर्ष 2008 से आपसी सौहार्द और समग्र विकास के लिए निर्विरोध प्रधान चुनने की परंपरा शुरू हुई थी।
इसकी शुरुआत रुमाली देवी के साथ हुई, जिन्हें 2008 में सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया। इसके बाद 2014 में दरबान सिंह और 2019 में महिला आरक्षित सीट पर कामना बेडवाल को निर्विरोध ग्राम प्रधान बनाया गया। कामना ने अपने कार्यकाल में बंजर हो रही खेती को ध्यान में रखते हुए पट्टी पालकोट का सबसे बड़ा हौज बनवाया।
साथ ही मिनी पंपिंग योजना और तीन नई पेयजल लाइनों का निर्माण भी करवाया।इस बार सामान्य सीट पर ग्रामीणों ने मुकेश सिंह को एकमत से प्रधान चुना। नवनिर्वाचित प्रधान मुकेश सिंह ने बताया कि उनकी प्राथमिकता गांव में पेयजल संकट को दूर करने के लिए दालभीपाणी पंपिंग योजना को आगे बढ़ाना होगा।
इसके अलावा, वे देवप्रयाग तीर्थ के प्रमुख पर्वत दशरथांचल को पर्यटक स्थल के रूप में घोषित करवाने के लिए प्रयास करेंगे।ग्रामीणों का कहना है कि निर्विरोध चुनाव की परंपरा ने गांव में एकता और विकास को बढ़ावा दिया है। भदनी की यह पहल अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी एक प्रेरणा बन रही है।
No comments:
Post a Comment