गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, चारधाम यात्रा 2025 का शुभारंभ - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, April 30, 2025

गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, चारधाम यात्रा 2025 का शुभारंभ

                                      

उत्तरकाशी।
अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर बुधवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2025 का विधिवत शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों धामों में कपाटोद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

गंगोत्री धाम में सुबह मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी के भैरव मंदिर से गंगोत्री पहुंची। विशेष पूजा-अभिषेक के बाद पूर्वाह्न 10:30 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। यमुनोत्री धाम में मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में खरसाली से चलकर पहुंची और 11:55 बजे कपाट खोले गए। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति के दर्शन किए और गंगा-यमुना में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। दोनों धामों में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिसने समारोह को और भव्य बनाया।



मुख्यमंत्री धामी, जो यमुनोत्री के कपाटोद्घाटन में शामिल होने वाले पहले मुख्यमंत्री बने, ने मां गंगा और यमुना के मंदिरों में शीश नवाया और लोक देवताओं की डोलियों से आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। राज्य सरकार ने सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं, जिसमें यातायात प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। धामी ने ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा के लिए सभी से सहयोग मांगा और कहा कि “अतिथि देवो भवः” की परंपरा के तहत श्रद्धालुओं को सुखद अनुभव प्रदान करना प्राथमिकता है।



गंगोत्री में विधायक सुरेश चौहान, गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, जिलाधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल सहित अन्य मौजूद थे। यमुनोत्री में मुख्य विकास अधिकारी एस.एल. सेमवाल, उप जिलाधिकारी बृजेश तिवारी और मंदिर समिति के उपाध्यक्ष संजीव उनियाल उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta