अल्मोड़ा : भैसियाछाना में भाजपा को झटका, संतोष कुमार पत्नी सहित हारे - सत्यमेव जयते

Breaking

Thursday, July 31, 2025

अल्मोड़ा : भैसियाछाना में भाजपा को झटका, संतोष कुमार पत्नी सहित हारे



अल्मोड़ा। जिले के भैसियाछाना ब्लॉक में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को करारा झटका लगा है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार राम और उनकी पत्नी पूजा देवी दोनों को क्षेत्र पंचायत चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। 

इस हार ने संगठन की ताकत और स्थानीय जनाधार के बीच बढ़ती दूरी को उजागर कर दिया है।संतोष कुमार नौगांव सीट से क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए चुनाव लड़े, जो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित थी। उन्हें ब्लॉक प्रमुख पद के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा था। 

हालांकि, सूरज कुमार ने उन्हें 267 मतों के बड़े अंतर से हराकर सभी को चौंका दिया। संतोष तीसरे स्थान पर रहे, जो भाजपा के लिए अप्रत्याशित झटका रहा।इसी तरह, संतोष की पत्नी पूजा देवी डूंगरलेख सीट से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए मैदान में थीं। 

वे भी मतदाताओं का विश्वास जीतने में असफल रहीं और तीसरे स्थान पर रहीं। इस सीट पर प्रिया चम्याल ने 388 वोटों के साथ जीत हासिल की, जबकि दया देवी को 228 और पूजा देवी को 199 वोट मिले।

यह परिणाम भैसियाछाना ब्लॉक में भाजपा की रणनीति पर सवाल उठाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हार संगठन की ताकत के बावजूद स्थानीय स्तर पर जनाधार की कमी को दर्शाती है। 

विजयी प्रत्याशियों ने मतदाताओं का आभार जताया और क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने का वादा किया।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta