हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सिख श्रद्धालु की खाई में गिरने से मौत - सत्यमेव जयते

Breaking

Sunday, July 20, 2025

हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सिख श्रद्धालु की खाई में गिरने से मौत



चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पुलना से दो किलोमीटर आगे जंगल चट्टी के पास एक सिख श्रद्धालु गुरप्रीत सिंह (18) पुत्र हरदीप सिंह, निवासी ग्राम काले, थाना सिहरटा, तहसील व जिला अमृतसर, पंजाब की खाई में गिरने से मौत हो गई। 

हादसे की सूचना मिलते ही गोविंदघाट पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को खाई से निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए जोशीमठ मोर्चरी भेजा।जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह 90 लोगों के जत्थे के साथ हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहा था। 

थाना प्रभारी गोविंदघाट विनोद रावत ने बताया कि जंगल चट्टी के समीप गुरप्रीत ने मुख्य पैदल मार्ग को छोड़कर एक पुराना और क्षतिग्रस्त शॉर्टकट रास्ता चुना, जो सुरक्षा कारणों से पहले ही बंद किया गया था। वह रेलिंग पार कर इस जोखिम भरे रास्ते पर चला गया, जहां उसका पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य राहत दलों ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। 

खतरनाक ढलान और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद टीम ने कड़ी मेहनत कर शव को खाई से निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। शव को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमॉर्टम के लिए जोशीमठ मोर्चरी भेज दिया गया।यह हादसा हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग की जोखिम भरी परिस्थितियों को उजागर करता है। 

स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित मार्ग का ही उपयोग करें। इस घटना ने यात्रियों और उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ा दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर विचार कर रही है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta