सोलन। सोलन पुलिस ने एक 15 साल पुराने धोखाधड़ी मामले में भगोड़े अपराधी मोहमद इमरान को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के अनुसार, 16 जुलाई 2025 को पुलिस थाना सदर सोलन की विशेष टीम ने कुनिहार बाजार से सोलन जिले के पट्टा बरोरी के जाडली गांव निवासी 45 वर्षीय मोहमद इमरान को गिरफ्तार किया।
आरोपी को न्यायालय द्वारा 2010 में दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले में भगोड़ा घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे 16 जुलाई को ही कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि मोहमद इमरान पर 30 अप्रैल 2010 को पुलिस थाना सदर सोलन में अभियोग संख्या 87/2010 दर्ज किया गया था। यह मामला भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420 (धोखाधड़ी), 467 (दस्तावेजों में जालसाजी), और 468 (जालसाजी के उद्देश्य से दस्तावेज तैयार करना) के तहत दर्ज हुआ था।
जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी बार-बार कोर्ट में पेश होने के लिए बुलाए जाने के बावजूद हाजिर नहीं हो रहा था, जिसके कारण उसे भगोड़ा घोषित किया गया था। वह अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।मामले का पूर्व घटनाक्रम बताते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि 30 अप्रैल 2010 को सोलन के उप-पंजीयक (नायब तहसीलदार) ने पुलिस थाना सदर सोलन में शिकायत दर्ज की थी।
शिकायत के अनुसार, मोहमद इमरान ने 18.09 बीघा जमीन की जाली जमाबंदी नकल और फर्जी खाता-खतोनी नंबर के साथ दस्तावेज तैयार किए। उसने पटवारी के रूप में जाली हस्ताक्षर कर चम्बघाट निवासी वीरेंद्र चौहान के नाम पर सामान्य वकालतनामा (GPA) तैयार किया और उक्त जमीन को 9,20,000 रुपये में बेच दिया। इस प्रक्रिया में उसने 2,20,000 रुपये की धोखाधड़ी और बेईमानी से हड़प लिए। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन आरोपी लंबे समय तक फरार रहा।
गौरव सिंह ने आगे बताया कि सोलन पुलिस ने भगोड़े अपराधियों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम गठित की थी, जो लगातार मोहमद इमरान की तलाश में थी। गुप्त सूचना के आधार पर कुनिहार बाजार में नाकाबंदी कर उसे धर दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पूर्व अपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह अन्य किसी अपराध में भी शामिल तो नहीं रहा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, "हमारी टीम ने कड़ी मेहनत और सतर्कता से इस भगोड़े अपराधी को पकड़ा है। यह कार्रवाई दर्शाती है कि अपराधी कितने भी समय तक फरार रहे, कानून के लंबे हाथ उसे जरूर पकड़ लेते हैं।"इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और बढ़ा है।
गौरव सिंह ने कहा कि सोलन पुलिस अपराध को नियंत्रित करने और भगोड़े अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। मामले में आगे की जांच जारी है, और पुलिस को उम्मीद है कि जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।


No comments:
Post a Comment