देहरादून। उत्तराखंड के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दोनों चरणों में 32,580 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज हो जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल ने बताया कि 11,082 पदों के लिए हुई वोटिंग की मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
पहले चरण के 17,829 और दूसरे चरण के 14,751 प्रत्याशियों के भाग्य का निर्णय आज होगा। मतगणना के बाद विजयी जुलूस निकालने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सचिव गोयल ने बताया कि मतगणना 89 विकासखंडों में होगी, जिसमें 15,024 कार्मिक तैनात किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए 8,926 जवान तैनात होंगे। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारी को जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया गया है। साथ ही, एक पुलिस क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष की ड्यूटी अनिवार्य रूप से लगाई गई है।
मतगणना स्थल पर केवल पोलिंग एजेंट कार्ड धारकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। सभी केंद्रों पर कंप्यूटर, इंटरनेट और सीसीटीवी की व्यवस्था की गई है, और परिणाम आयोग की वेबसाइट पर प्रत्याशीवार मतों और कुल मतदान की जानकारी के साथ उपलब्ध होंगे।
गोयल ने जोर देकर कहा कि मतगणना प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी। निगरानी के लिए प्रेक्षक, जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिए सभी मतगणना केंद्रों पर बैरिकेडिंग की गई है।
गौरतलब है कि दोनों चरणों में कुल 69.16 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें 74.42 प्रतिशत महिला और 64.23 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने स्पष्ट किया कि परिणाम घोषित होने के बाद विजयी जुलूस या समर्थकों के जुलूस पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इस संबंध में सभी जिलों को लिखित निर्देश जारी किए गए हैं। आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।


No comments:
Post a Comment