95 वर्ष की मां को बग्गी में बिठाकर बेटे ने शुरू की महाकुंभ की पैदल यात्रा - सत्यमेव जयते

Breaking

Monday, January 27, 2025

95 वर्ष की मां को बग्गी में बिठाकर बेटे ने शुरू की महाकुंभ की पैदल यात्रा


मुजफ्फरनगर।  यहां के मोघपुर के किसान सुदेश पाल मलिक ने अपनी 95वर्षीय मां जगबीरी देवी को बग्गी में बिठाकर खुद बैल की तरह गाड़ी को खींचते हुए प्रयागराज की ओर कूच कर दिया है। धर्मयात्रा पर निकलते हुए सुदेश पाल मलिक ने कहा कि मेरे घुटने खराब हो गए थे, मां की दुआओं से फिर चलने लगा तो इसलिए मां को लेकर महाकुंभ की यात्रा पर निकल पड़ा।

महाकुंभ 2025 में गंगा, यमुना और सरस्वती की त्रिवेणी के संगम में पुण्य की डुबकी लगाने के लिए हर कोई लालायित है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के खतौली ब्लॉक के सुदेश पाल मलिक अपनी मां को बग्गी में बैठाकर पैदल कुंभ यात्रा पर निकले हैं। उनका कहना है कि अपनी मां को प्रयागराज में डुबकी लगवाकर लाएंगे।

यह सिर्फ महाकुंभ की यात्रा नहीं, बल्कि बिखरते परिवारों में अलग-थलग पड़ते बुजुर्गों की सेवा का बड़ा उदाहरण भी है। इकलौते बेटे 65 साल के किसान सुदेश पाल बताते हैं कि चार साल पहले उसके घुटने खराब हो गए थे। डॉक्टरों ने जवाब दे दिया था, वह घर पर रहने लगा। सुबह-शाम मां की सेवा में बिताया और मां उसके पैरों और आंखों के लिए दुआ करती।

कुछ दिन बीतने के बाद वह ठीक होने लगा। घुटने ठीक हो गए तो एक साल पहले अपने गांव से 35 किमी दूर शकुतीर्थ की यात्रा पर मां को अपने कंधों पर बैठाकर ले गया था। किसान कहता है कि वह दोबारा चल रहा है तो इसमें मां की दुआओं का असर सबसे ज्यादा है। उनका कहना है कि प्रयागराज पहुंचने में उन्हें 13 से 14 दिन का समय लग सकता है।

प्रयागराज महाकुंभ शुरू हुआ तो बेटे के मन में मां को स्नान कराने की इच्छा हुई। परिवार ने सहमति दे दी। मां को बग्गी में सवार कर खुद बैल की तरह बेटा खींचते हुए आगे बढ़ने लगा। भैंसा दौड़ में प्रयोग होने वाली हल्की बुग्गी को यात्रा के लिए प्रयोग किया जा रहा है।

किसान ने बताया कि बिजनौर की रहने वाली बड़ी बहन अमरेश और भांजा रोबिन गाड़ी में साथ चल रहे हैं। गाड़ी में यात्रा की जरूरत का सारा सामान रखा गया है, ताकि रास्ते में परेशानी ना उठानी पड़े। करीब 15 दिन की यात्रा का प्लान बनाया गया है।

सुदेश पाल के अनुसार वह अपनी मां को शुक्रताल की यात्रा भी इस प्रकार की कराकर लाए। इस दौरान उन्होंने 35 किलोमीटर की पदयात्रा की थी। उनका कहना है कि भगवान का आशीर्वाद साथ है, मां के लिए वह दूसरी बार इस तरह पदयात्रा पर निकले हैं।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta