हल्द्वानी :11 साल के मासूम की हत्या:गड्ढे से टुकड़ों में बंटा शव बरामद, एक संदिग्ध हिरासत में - सत्यमेव जयते

Breaking

Tuesday, August 5, 2025

हल्द्वानी :11 साल के मासूम की हत्या:गड्ढे से टुकड़ों में बंटा शव बरामद, एक संदिग्ध हिरासत में

मौके पर जुटी भीड़

हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में गौलापार के पश्चिम खेड़ा क्षेत्र में एक दिल दहलाने वाली घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। 11 वर्षीय मासूम अमित मौर्य की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को टुकड़ों में काटकर कट्टे में भरकर जमीन में दफना दिया गया। इस क्रूर घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश फैला दिया है।

 पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।घटना काठगोदाम थाना क्षेत्र की है। अमित मौर्य, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला था, अपने परिवार के साथ गौलापार में किरायेदार के रूप में रहता था। उसके पिता खूबकरण मौर्या ने बताया कि अमित कक्षा 5 में पढ़ता था। सोमवार दोपहर को उसे कोल्ड ड्रिंक लाने भेजा गया था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। 

परिवार और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, और पुलिस को सूचना दी गई। सीसीटीवी फुटेज में अमित को एक युवक के साथ जाते देखा गया, जिसके आधार पर पुलिस ने उस युवक को हिरासत में लिया। पुलिस और डॉग स्क्वाड की टीम ने जांच के दौरान पहले अमित की चप्पल बरामद की। 

इसके बाद एक बगीचे में गड्ढे में संदिग्ध कट्टा मिला, जिसमें अमित का सिर कटा शव और एक हाथ गायब पाया गया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जमा किए, और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और स्थानीय लोगों में गुस्सा भड़क उठा है। 

क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी नितिन लोहनी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सटीक कारणों का पता चलेगा। 

इस घटना ने हल्द्वानी में हाल की अन्य आपराधिक घटनाओं, जैसे मुखानी में योगा ट्रेनर की हत्या, को लेकर सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि दोषी को जल्द सजा दिलाई जाएगी। 



No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta