उत्तराखंड में इन पांच जिलों में स्कूल बंद, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, August 6, 2025

उत्तराखंड में इन पांच जिलों में स्कूल बंद, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी


देहरादून। उत्तराखंड में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने बुधवार, 6 अगस्त 2025 को भी राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई, खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस खतरे को देखते हुए देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, चमोली और उत्तरकाशी में सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक रोहित थपलियाल ने बताया कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर के कुछ हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, देहरादून, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। 

अन्य जिलों में भी तेज बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट लागू है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 11 अगस्त तक बारिश का यह दौर जारी रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क अवरोध और नदी-नालों में उफान का खतरा बढ़ गया है। हाल ही में उत्तरकाशी के धराली और हर्षिल में बादल फटने की घटनाओं ने तबाही मचाई, जिसमें चार लोगों की मौत हुई और कई लोग मलबे में दबे बताए जा रहे हैं। 

थपलियाल ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों के किनारे रहने वाले विशेष सतर्कता बरतें। जिला प्रशासनों ने आपदा प्रबंधन को सक्रिय कर दिया है, और राहत-बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। देहरादून और अन्य प्रभावित जिलों में प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और आपदा नियंत्रण कक्षों से संपर्क में रहने को कहा है। 

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta