हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बड़सर थाना क्षेत्र अंतर्गत गलूं में रविवार देर शाम एक निजी बस और कार की टक्कर ने स्थानीय लोगों का दिल दहला दिया।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक बलवंत लदरौर से बंगाणा की ओर जा रहा था, जबकि निजी बस ऊना से हमीरपुर की दिशा में आ रही थी। गलूं के पास अचानक सड़क पर एक लावारिस पशु आ गया, जिसके कारण कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सामने से आ रही बस से जा टकराई।
इस हादसे से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि उस समय कोई पैदल यात्री वहां से नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।सूचना मिलते ही बड़सर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
डीएसपी लालमन शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कार चालक का कहना है कि वह अपनी साइड पर सही तरीके से गाड़ी चला रहा था, लेकिन लावारिस पशु के अचानक सामने आने से हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।


No comments:
Post a Comment