देहरादून :बात—बात पर पत्नी को बंदूक दिखाने वाले पति का लाइसेंस निलंबित,हथियार जब्त - सत्यमेव जयते

Breaking

Sunday, August 3, 2025

देहरादून :बात—बात पर पत्नी को बंदूक दिखाने वाले पति का लाइसेंस निलंबित,हथियार जब्त



देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक पति द्वारा अपनी पत्नी को बार-बार बंदूक दिखाकर डराने और दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 

पीड़ित पत्नी शिखा की शिकायत पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति यश यादव का शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिया और शस्त्र जब्त करने के निर्देश जारी किए हैं। शिखा ने 1 अगस्त 2025 को जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका पति यश यादव आए दिन दहेज की मांग को लेकर उन्हें धमकाता और रिवॉल्वर दिखाकर डराता है, जिससे वह गहरे मानसिक दबाव में हैं। 

शिखा की गुहार सुनते ही डीएम सविन बंसल ने लोक शांति, पारिवारिक सुरक्षा और सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए यश यादव के शस्त्र लाइसेंस (संख्या-311/थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।  जिलाधिकारी ने थाना नेहरू कॉलोनी के थानाध्यक्ष को निर्देश दिए कि यश यादव का शस्त्र जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में रखा जाए। 

साथ ही, कूटरचित दस्तावेजों से लाइसेंस प्राप्त करने की शिकायत के आधार पर लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यश यादव को 15 दिनों के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया है, साथ ही नोटिस जारी कर पूछा गया है कि उनका लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त क्यों न किया जाए। 

यह कार्रवाई आयुध अधिनियम, 1959 की धारा 17(3) और आयुध नियम, 2016 के नियम 32(3) व (4) के उल्लंघन के तहत की गई है।डीएम के इस त्वरित और कड़े कदम ने जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और सक्रियता को दर्शाया है। 

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta