आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के बमरौली कटारा क्षेत्र में एक वृद्ध की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार, 14 अगस्त 2025 को पुलिस ने कुछ ही घंटों में इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की बहू बबली और उसके प्रेमी प्रेम सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी पूर्वी जोन अली अब्बास ने बताया कि बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर ससुर राजवीर सिंह (70) को बहाने से बुलाकर गला घोंटकर हत्या की और शव को बाजरे के खेत में फेंक दिया। घटना महल बादशाही गांव में हुई। गुरुवार सुबह 8 बजे ग्रामीण प्रेम सिंह ने पुलिस को खेत में शव होने की सूचना दी।
मृतक की पहचान एत्मादपुर के अगवार गांव निवासी राजवीर सिंह के रूप में उनकी पत्नी मुन्नी देवी ने की। मुन्नी ने बताया कि उनके बेटे हरिओम की 6 साल पहले हत्या में बबली जेल गई थी और 11 महीने पहले जमानत पर छूटी थी। बबली के प्रेम सिंह के साथ अवैध संबंध थे, जिसके चलते उसने पहले पति और अब ससुर की हत्या की।
पुलिस जांच में पता चला कि राजवीर अपनी दो पोतियों (16 और 17 वर्ष) को ससुराल में लाना चाहते थे ताकि उनका लालन-पालन ठीक हो सके, लेकिन बबली इसके लिए तैयार नहीं थी। बुधवार दोपहर उसने राजवीर को बातचीत के बहाने बुलाया और प्रेम सिंह के साथ मिलकर उनकी हत्या कर दी।
डीसीपी ने बताया कि प्रेम सिंह पुराना अपराधी है, जिसके खिलाफ 2016 में दुष्कर्म और फिरोजाबाद में हत्या का मामला दर्ज है। बबली और प्रेम सिंह की मुलाकात जेल में एक अन्य महिला के जरिए हुई थी, जिसने बबली की जमानत करवाई।
बबली को शक था कि ससुराल वालों ने उसके 8 साल के बेटे की हत्या की, जिसने जेल से छूटने के बाद आत्महत्या कर ली थी। इस रंजिश में उसने ससुर की हत्या की साजिश रची। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है।
No comments:
Post a Comment