रानीपोखरी। देहरादून के रानीपोखरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत एक व्यक्ति को 1.105 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
थाना रानीपोखरी के सब-इंस्पेक्टर विक्रम सिंह नेगी ने बताया कि 6 सितंबर को सुबह 10:02 बजे वह चीता मोबाइल में तैनात हेड कांस्टेबल धीरेंद्र यादव और कांस्टेबल रवि के साथ शांतिनगर तिराहा क्षेत्र में चेकिंग पर थे। इस दौरान जाखन नदी के किनारे एक संदिग्ध व्यक्ति, जो काली शर्ट पहने था, पुलिस को देखकर घबराकर तेजी से भागने लगा। पुलिस ने उसे आवाज देकर रुकने को कहा, लेकिन वह नहीं रुका।
इसके बाद पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर उसे जाखन नदी के किनारे वन विकास निगम खनन काट के पास दोपहर 1:07 बजे पकड़ लिया।पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम जितेंद्र शाह (36 वर्ष), पुत्र स्व. सुदामा शाह, निवासी ग्राम गोंडवा टोला, थाना मुफस्सिल, जिला बेतिया, बिहार, हाल निवासी शांतिनगर, रानीपोखरी बताया।
तलाशी के दौरान उसकी शर्ट के अंदर बायीं तरफ बगल में छिपाई गई काली पन्नी से हरा दानेदार पत्तीनुमा पदार्थ बरामद हुआ, जो गांजा प्रतीत हुआ। जितेंद्र ने स्वीकार किया कि यह 1.105 किलोग्राम गांजा है, जिसे उसने मथुरावाला, देहरादून के राकेश नामक व्यक्ति से 10,000 रुपये में खरीदा था।
उसने बताया कि उसने 5,000 रुपये नकद दिए और बाकी बाद में देने को कहा था। गांजा भोगपुर में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।पुलिस ने धारा 50 एनडीपीएस एक्ट के तहत जितेंद्र को उसके अधिकारों के बारे में बताया, लेकिन उसने किसी अन्य अधिकारी से तलाशी कराने से इनकार कर दिया।
बरामद गांजे को काली पन्नी में रखकर सफेद कपड़े में सील किया गया। तलाशी में जितेंद्र के पास उसका आधार कार्ड और 570 रुपये नकद भी मिले। बरामदगी और गिरफ्तारी की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई, और फर्द को मौके पर लैपटॉप में तैयार किया गया।
जितेंद्र शाह को धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दोपहर 1:50 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब राकेश की तलाश में छापेमारी कर रही है।


No comments:
Post a Comment