हल्द्वानी। इन दिनों शहर की अंबिका विहार —विकासनगर—शांतिनगर कॉलोनियों में आवारा कुत्तों की समस्या बेहद गंभीर हो गई है। खासकर नैनीताल रोड से विकासनगर तक के इलाके में ये कुत्ते आए दिन लोगों पर भौंकते हैं और पीछा करते हैं और मौका देखकर लोगों को काट लेते हैं। कुत्तों के झुंड में जगह-जगह बैठे रहने के कारण बच्चों को सबसे ज्यादा खतरा है। मंगलवार 29 जनवरी की सुबह ऐसा ही एक कुत्ता नगर निगम की टीम ने दबोच लिया।
आवारा कुत्ते अब तक एक वृद्धा समेत कई लोगों को काट चुके हैं। एक आवारा कुत्ता आखिरकार नगर निगम की डॉग रेस्क्यू टीम के हाथ लग गया। आज सुबह कॉलोनी निवासी राजीव पंत जी को उनके आवास के बाहर एक आवारा कुत्ते ने काट लिया।
घटना के बाद घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि कई बार नगर निगम की टीम कुत्ते को पकड़ने का प्रयास कर चुकी है, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहे थे। आज सुबह टीम ने सफलता पाई और एक कुत्ते को पकड़कर क्वारंटाइन में रख लिया गया है।
स्थानीय लोग अब इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि निगम की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर कॉलोनी में आक्रोश है।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा है कि पकड़े गए कुत्ते का इलाज और टीकाकरण किया जाएगा, साथ ही अन्य आवारा कुत्तों को भी जल्द पकड़ने की कार्रवाई होगी।





No comments:
Post a Comment