सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में रविवार, 2 अगस्त 2025 को रेलवे फाटक के पास एक पुरानी इमारत के बरामदे में 37 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान मुकेश कुमार उर्फ मुन्ना, पुत्र प्रेम सिंह, निवासी गांव मही, कंडाघाट, सोलन के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।पुलिस कंट्रोल रूम, सोलन को सूचना मिलने पर शहर सोलन पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। मृतक के शव का परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में निरीक्षण किया गया, जिसमें शरीर पर कोई चोट या खरोंच के निशान नहीं मिले, केवल मुंह से खून निकलता पाया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मुकेश चंबाघाट के एक ढाबे में काम करता था और लंबे समय से बीमार था। एक साल पहले वह गिर गया था, जिससे उसकी पसलियां टूट गई थीं और आंतरिक चोटें आई थीं। उसका शिमला के आईजीएमसी में ऑपरेशन भी हुआ था, लेकिन वह पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो पाया।
मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों ने मृत्यु पर कोई संदेह व्यक्त नहीं किया। फिर भी, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया और विसरा रासायनिक परीक्षण के लिए राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला, जुन्गा भेजा जा रहा है।
शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में धारा 194 बीएनएसएस, 2023 के तहत कार्रवाई की जा रही है।


No comments:
Post a Comment