हल्द्वानी। उत्तराखंड के नैनीताल और चंपावत जिलों में पिछले 24 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश और मौसम विभाग के भारी से अति भारी वर्षा के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने 4 अगस्त 2025 (सोमवार) को सभी शासकीय, अशासकीय, निजी स्कूलों (कक्षा 1 से 12 तक) और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
लगातार बारिश से कई क्षेत्रों में सड़कें बंद होने और जनजीवन प्रभावित होने की खबरें हैं।नैनीताल की जिलाधिकारी वंदना ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 4 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव और नदी-नालों में तेज बहाव जैसे जोखिमों को देखते हुए छात्रों की सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने शैक्षणिक और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे आपदा प्रबंधन के लिए कार्यालयों में उपस्थित रहें और समन्वय बनाए रखें।
इसी तरह, चंपावत जिला प्रशासन ने भी भारी बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिला मजिस्ट्रेट व जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, चंपावत के अध्यक्ष द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि मानसून के दौरान अति वर्षा, नदी-नालों में जलस्तर वृद्धि और भूस्खलन जैसी आपदाओं से बचाव के लिए यह कदम उठाया गया है।


No comments:
Post a Comment