पंतनगर। गोविंद वल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा का पेपर लीक होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
इस घटना के उजागर होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुपके से एक जांच कमेटी गठित की, जिसने अपनी जांच पूरी कर प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के डीन को रिपोर्ट सौंप दी है।जांच के आधार पर संदेह के चलते दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
इस कार्रवाई की खबर परिसर में आग की तरह फैल गई, जिससे विश्वविद्यालय में हड़कंप मच गया। छात्रों और कर्मचारियों के बीच इस घटना को लेकर गहरी चर्चा है। वहीं, कुलपति ने इस मामले से अनभिज्ञता जताई है और कहा कि यह उनके संज्ञान में नहीं है। इस बयान ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक पेपर लीक की घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है।
प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के डीन कार्यालय ने भी इस मामले पर चुप्पी साध रखी है। छात्रों और अभिभावकों में इस घटना को लेकर रोष है और वे प्रशासन से पारदर्शी जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस या अन्य बाहरी एजेंसी से जांच की कोई जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।


No comments:
Post a Comment